:- दून स्ट्राइकर्स ने सात विकेट और दून किंग राइडर ने आठ विकेट से जीता मुकाबला, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ
देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का बुधवार को उत्साह और खेल भावना के साथ शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए दो लीग मुकाबलों में दून स्ट्राइकर्स और दून किंग राइडर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। दून स्ट्राइकर्स ने दून ब्लास्टर्स को सात विकेट से, जबकि दून किंग राइडर ने दून सुपर किंग्स को आठ विकेट से पराजित किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी और विशिष्ट अतिथि समाजसेवी देव रतूड़ी एवं सीआईएमएस के चेयरमैन ललित जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों ने सभी टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
दून स्ट्राइकर्स ने सात विकेट से जीता पहला मुकाबला
पहला मुकाबला दून स्ट्राइकर्स और दून ब्लास्टर्स के बीच खेला गया। टॉस जीतकर दून स्ट्राइकर्स ने पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी दून ब्लास्टर्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 133 रन ही बना सकी। हिमांशु बरमोला ने 29 और अंबुज शर्मा ने 25 रन बनाए। दून स्ट्राइकर्स की ओर से सोबन गुसाईं और अजय राणा ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून स्ट्राइकर्स की ओर से अमित शर्मा ने 40 और कप्तान योगेश शैली ने 20 रन का योगदान दिया। टीम ने 18.1 ओवर में सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। दून ब्लास्टर्स की ओर से हिमांशु बरमोला ने तीन विकेट लिए। हरफनमौला प्रदर्शन के लिए सोबन गुसाईं को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
किंग राइडर ने 5.1 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
दिन के दूसरे मुकाबले में दून सुपर किंग्स और दून किंग राइडर आमने-सामने रहे। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दून सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम पहली ही गेंद पर विकेट गंवाने के बाद संभल नहीं सकी और 11.5 ओवर में महज 57 रन पर सिमट गई। मनवर रावत ने 24 रन की नाबाद पारी खेली। दून किंग राइडर की ओर से कप्तान सुनील कुमार ने तीन विकेट लिए, जबकि साकेत पंत और योगेश सेमवाल ने दो-दो विकेट हासिल किए।
जवाब में दून किंग राइडर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 5.1 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मनमोहन शर्मा ने सर्वाधिक 17 रन बनाए। दून सुपर किंग्स की ओर से कप्तान सुरेंद्र डसीला और मनवर रावत को एक-एक विकेट मिला। शानदार गेंदबाजी के लिए सुनील कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
विकास धूलिया की स्मृतियों को जीवंत रखने का प्रयास : बंशीधर तिवारी
उद्घाटन अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल क्रिकेट आयोजन नहीं, बल्कि वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय विकास धूलिया की स्मृतियों को जीवंत रखने का प्रयास है। उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में विकास धूलिया के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके साथ बिताए पल हमेशा अविस्मरणीय रहेंगे। इस टूर्नामेंट के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का जीवन व्यस्तताओं और चुनौतियों से भरा होता है। खबरों की भागदौड़, जिम्मेदारियों और दबाव के बीच कई बार पत्रकार अपने स्वास्थ्य और आपसी मेलजोल के लिए समय नहीं निकाल पाते। ऐसे में खेलकूद तनाव कम करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और एक-दूसरे के करीब आने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सभी टीमों से खेल भावना, अनुशासन और आपसी सम्मान के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।
खेल और आपसी मित्रता का उत्सव बनेगी प्रतियोगिता : अजय राणा
उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का समय निकालकर आयोजन में शामिल होने और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में जुटे खेल संयोजक, प्रेस क्लब की कार्यकारिणी और सहयोगियों का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता खेल के साथ-साथ पत्रकारों की एकता और मित्रता का उत्सव बनेगी। सभी से खेलें भी, खिलें भी और अपने साथी विकास धूलिया की स्मृतियों को हमेशा जीवंत रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय विकास धूलिया की पत्नी रोशनी धूलिया, सीआईएमएस कॉलेज के चेयरमैन ललित जोशी, समाजसेवी देव रतूड़ी, कांग्रेस के युवा नेता वैभव वालिया, प्रेस क्लब के खेल संयोजक एवं कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाईं, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा, संप्रेक्षक विजय जोशी, कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन लखेड़ा, वीरेन्द्र डंगवाल ‘पार्थ’, मनोज सिंह जयाड़ा, हरीश थपलियाल, मनबर सिंह रावत, ओमप्रकाश जोशी, हिमांशु जोशी, भूपेन्द्र सिंह कण्डारी, सुरेन्द्र सिंह डसीला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।