अंकिता भंडारी हत्याकांड: माता-पिता ने दिल्ली में सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों से की मुलाकात, निष्पक्ष जांच का मिला भरोसा

:- सीबीआई मुख्यालय पहुंचकर वीरेन्द्र सिंह भंडारी और सोनी देवी ने अधिकारियों के सामने रखे मामले से जुड़े अहम बिंदु, जांच एजेंसी ने सभी पहलुओं की गहन पड़ताल कर न्यायसंगत विवेचना का दिया आश्वासन

नई दिल्ली/देहरादून, 16 अक्टूबर 2026। बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर शुक्रवार को अंकिता के माता-पिता ने नई दिल्ली स्थित केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपनी बेटी से जुड़े प्रकरण के विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों को जानकारी दी और मामले से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदु उनके समक्ष रखे।

अंकिता भंडारी के पिता वीरेन्द्र सिंह भंडारी और माता सोनी देवी ने सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात के दौरान प्रकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को मामले से संबंधित तथ्यों और बिंदुओं से अवगत कराया।

सीबीआई ने दिया निष्पक्ष और न्यायसंगत जांच का आश्वासन

मुलाकात के दौरान सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों ने अंकिता के माता-पिता को भरोसा दिलाया कि प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं का समुचित परीक्षण किया जाएगा। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि मामले की विवेचना निष्पक्ष एवं न्यायसंगत तरीके से की जाएगी।

अंकिता भंडारी हत्याकांड लंबे समय से उत्तराखंड में जनचर्चा और न्याय की मांग का प्रमुख विषय बना हुआ है। ऐसे में अंकिता के माता-पिता की सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों से हुई यह मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब इस प्रकरण में जांच एजेंसी की आगे की कार्रवाई पर लोगों की नजरें रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *