राजबीर सिंह बिष्ट बने बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के नए चेयरमैन

:- अध्यक्ष पद के त्रिकोणीय मुकाबले में 11 प्रथम वरीयता मत हासिल कर दर्ज की जीत, कुलदीप कुमार को 8 और योगेंद्र सिंह तोमर को मिले 5 मत

नैनीताल। बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड (BCUK) को नया चेयरमैन मिल गया है। बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को नैनीताल में आयोजित बार काउंसिल की 26 सदस्यीय कार्यकारिणी के चुनाव में अधिवक्ता राजबीर सिंह बिष्ट को नया अध्यक्ष (चेयरमैन) चुना गया। अध्यक्ष पद के लिए हुए त्रिकोणीय मुकाबले में उन्होंने 11 प्रथम वरीयता मत हासिल किए।

चुनाव में कुलदीप कुमार को 8 मत और योगेंद्र सिंह तोमर को 5 मत प्राप्त हुए, जबकि दो मत अवैध घोषित किए गए। इस तरह राजबीर सिंह बिष्ट ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।

सुशीला मेहता बिष्ट निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित

बार काउंसिल के चुनाव में एडवोकेट सुशीला मेहता बिष्ट को निर्विरोध उपाध्यक्ष (वाइस चेयरपर्सन) चुना गया। वहीं, वरिष्ठ अधिवक्ता डी.के. शर्मा को बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) का प्रतिनिधि सदस्य चुना गया है। डी.के. शर्मा इससे पहले भी कई बार BCI में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

पहले भी संभाल चुके हैं उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

राजबीर सिंह बिष्ट इससे पहले भी बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड में उपाध्यक्ष के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वह मूल रूप से उत्तरकाशी जिले के डुंडा ब्लॉक के बरसाली गांव के रहने वाले हैं। लंबे समय से वह देहरादून जिला अदालत में वकालत कर रहे हैं।

बार काउंसिल के चुनाव में चेयरमैन चुने जाने के बाद अधिवक्ता समुदाय में उन्हें बधाई देने का सिलसिला जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *