कुछ लोगों की फितरत, खाते हिंदुस्तान का हैं और गाते दूसरे देशों का : रामदेव

देहरादून : योगगुरु बाबा रामदेव ने कहा कि कुछ लोगों की फितरत है कि वह खाते हिंदुस्तान का हैं और गीत दूसरे देशों के गाते हैं। ऐसा करके ये लोग देश के अंदर अपने ही प्रति अस्वीकार्यता, घृणा और नफरत का भाव पैदा करवाते हैं। उन्होंने बगैर किसी का नाम लिए यह बात कही है, लेकिन उनका निशाना अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस नेता राहुल गाँधी पर था। उन्होंने कहा कि राजनेताओं को तो ऐसे काम बिल्कुल भी नहीं करने चाहिए। भारत में रहकर जिन लोगों को यहां के लोगों से वोट लेकर नेता बनना है, वह लोग ऐसा कैसे करते हैं। यह सोचकर भी उनकी बुद्धि पर तरस आता है। आपको बता दें कि योगगुरु बाबा रामदेव और पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण ने पतंजलि योगपीठ के संन्यासियों के विभिन्न अखाड़ों के संतों के साथ बीते बुधवार को श्री दक्षिण काली मंदिर घाट पर होली का पर्व मनाया। इसी दौरान उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत में यह बातें कहीं हैं। बाबा रामदेव ने कहा कि समाज में कई प्रकार की हिंसा, घृणा और नफरत है। यह किसी भी देश के लिए शुभ नहीं है। हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई , जैन, बौद्ध हम सब एक ही पूर्वज और परमेश्वर की संतान हैं। जातियों, मत, पंथ, संप्रदाय के नाम पर विभाजन खत्म हो जाए यही होली का संदेश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *