:- नंदनवन जू एंड सफारी में वन्यजीव संरक्षण और नया रायपुर में योजनाबद्ध शहरी विकास का किया अध्ययन
रायपुर, 17 सितंबर। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पीआईबी देहरादून की ओर से आयोजित पांच दिवसीय मीडिया एक्सपोजर टूर के चौथे दिन उत्तराखंड के 13 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने नंदनवन जू एंड सफारी और नया रायपुर का भ्रमण किया। पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल के नेतृत्व में दल ने संरक्षण और शहरी विकास से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली।
नवा रायपुर स्थित नंदनवन जू एंड सफारी करीब 320.15 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला है। इसमें जू, रेस्क्यू एवं रिहैबिलिटेशन सेंटर तथा 52.52 हेक्टेयर का खंडवा डैम शामिल है। यहां 43 प्रजातियों के वन्यजीवों के लिए प्राकृतिक आवास की तर्ज पर व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। दल ने विभिन्न सफारी क्षेत्रों और वन्यजीव संरक्षण की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने नया रायपुर में चौड़ी सड़कों, परिवहन नेटवर्क, हरित क्षेत्रों, प्रशासनिक एवं संस्थागत भवनों तथा आवासीय-वाणिज्यिक क्षेत्रों की योजनाबद्ध संरचना को समझा। यह भ्रमण पत्रकारों के लिए विकास और पर्यावरण संरक्षण की परियोजनाओं को करीब से देखने का अवसर बना।
…….