डॉ. अजयपाल के जनमिलन कार्यक्रम में ग्रामीणों ने गिनाईं समस्याएं, कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की
सोमेश्वर/अल्मोड़ा, 13 सितंबर। सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की ओर से दावेदारी कर रहे डॉ. अजयपाल ने रविवार को ताकुला ब्लॉक के विभिन्न गांवों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
पनेर गांव में आयोजित जनमिलन कार्यक्रम में ग्रामीणों ने क्षेत्र की उपेक्षा और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर अपनी समस्याएं रखीं। ग्रामीणों का कहना था कि आजादी के दशकों बाद भी गांव तक पक्की सड़क नहीं पहुंच सकी है। सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को आवागमन सहित रोजमर्रा की कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीन बार भाजपा की विधायक रेखा आर्या के प्रतिनिधित्व के बावजूद पनेर गांव आज भी सड़क समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहा है। ग्रामीणों ने गांव की समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग उठाई।
जनमिलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अजयपाल ने कहा कि यदि लगातार तीन कार्यकाल के बाद भी किसी गांव में सड़क जैसी प्राथमिक सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है, तो यह जनप्रतिनिधित्व और शासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता बदलाव के लिए तैयार है और कांग्रेस सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि पनेर समेत क्षेत्र के अन्य उपेक्षित गांवों की समस्याओं का स्थायी समाधान उनकी प्राथमिकता में रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों को विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
डॉ. अजयपाल ने थापला गांव में भी जनमिलन बैठक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र बाराकोटी, ताकुला ब्लॉक अध्यक्ष बहादुर सिंह मेहता, महिला मोर्चा अध्यक्ष हेमा भंडारी, युवा मोर्चा अध्यक्ष दीपक सिंह बोहरा, शंकर सिंह रावत, सुनील बाराकोटी, राजेंद्र प्रसाद टम्टा, दिनेश पिलख्वाल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।