कैंट सीट पर गोगी की बढ़ती पकड़, सैकड़ों सिख-पंजाबी साथियों ने थामा कांग्रेस का हाथ

:- सदस्यता संकल्प सम्मेलन में उमड़ा जनसमर्थन, बलजीत सिंह ‘बब्बल’ पूरी टीम के साथ कांग्रेस में शामिल; संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प

देहरादून, 13 सितंबर। देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार को शनिवार को बड़ी मजबूती मिली। महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून के तत्वावधान में आयोजित सदस्यता संकल्प सम्मेलन में कार्यक्रम संयोजक बलजीत सिंह ‘बब्बल’ अपनी पूरी टीम और सैकड़ों सिख एवं पंजाबी समाज के साथियों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए।

पटेलनगर स्थित मनभावन बैंक्वेट पॉइंट में आयोजित सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी ने कांग्रेस संगठन में नया उत्साह भर दिया। कांग्रेस नेताओं ने इसे कैंट विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के लगातार मजबूत हो रहे जनाधार का संकेत बताया।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि सदस्यता संकल्प सम्मेलन के दौरान सैकड़ों सिख-पंजाबी साथियों का कांग्रेस परिवार में शामिल होना पार्टी के लिए गौरव और उत्साह का विषय है। उन्होंने कहा कि बलजीत सिंह ‘बब्बल’ का अपनी पूरी टीम के साथ कांग्रेस में शामिल होना इस बात का प्रमाण है कि कैंट विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का कारवां लगातार मजबूत हो रहा है और समाज के विभिन्न वर्गों का विश्वास पार्टी के प्रति बढ़ रहा है।

डॉ. गोगी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश की एकता, अखंडता, भाईचारे, लोकतंत्र और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का काम किया है। महानगर कांग्रेस का लक्ष्य देहरादून की सभी विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने के साथ विशेष रूप से कैंट विधानसभा क्षेत्र में हर बूथ तक पार्टी की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर और सशक्त बनाया जाएगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। सैकड़ों सिख-पंजाबी साथियों का कांग्रेस परिवार से जुड़ना इस बात का संकेत है कि जनता कांग्रेस की विचारधारा और उसके संघर्ष पर विश्वास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है और आने वाले समय में संगठन को और अधिक मजबूती दी जाएगी।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय शर्मा ने कहा कि सदस्यता संकल्प सम्मेलन में उमड़ा जनसमर्थन कांग्रेस के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि लोग नफरत और विभाजन की राजनीति से हटकर विकास, लोकतंत्र, सामाजिक भाईचारे और जनहित की राजनीति को प्राथमिकता दे रहे हैं। कैंट विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता संगठन को आने वाले समय में नई ताकत देगी।

कांग्रेस की विचारधारा से प्रभावित होकर लिया निर्णय : बलजीत सिंह ‘बब्बल’

कार्यक्रम संयोजक एवं कांग्रेस में शामिल हुए बलजीत सिंह ‘बब्बल’ ने कहा कि कांग्रेस की लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली विचारधारा से प्रभावित होकर उन्होंने अपनी टीम और सैकड़ों साथियों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ कांग्रेस संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे और देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे। आने वाले समय में युवाओं, सिख-पंजाबी समाज सहित सभी वर्गों के लोगों को कांग्रेस से जोड़ने के अभियान को और तेज किया जाएगा।

वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी

सम्मेलन में प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, संजय शर्मा, वैभव वालिया, ज्योति रौतेला, नवीन जोशी, अभिनव थापर, जगदीश धीमान, अमरजीत सिंह, राजेश पुंडीर, जितेंद्र तनेजा, सौरभ शर्मा, जसविंदर मोटी, गुरदीप रावत, महेंद्र गुप्ता, प्रेम भारती, विपुल नौटियाल, ललित बद्री, दिवांश जोशी, मुकीम अहमद भूरा, वीरेंद्र पंवार, आरती अग्रवाल और बलविंदर कौर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

….

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *