:- एचपीवी टीकाकरण में लापरवाही पर कारण बताओ नोटिस के निर्देश
देहरादून, 11 सितंबर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेहूंवाला का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, स्वच्छता और मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण से पूर्व सीएमओ ने सीपीएस की विशेष बैठक लेकर अस्पताल की विभिन्न समस्याओं और स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के बाद उन्होंने चिकित्सालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को अस्पताल प्रबंधन के साथ क्षेत्रीय भ्रमण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सप्ताह में कम से कम एक बार फील्ड में जाकर स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा और अनुश्रवण किया जाए।
डॉ. शर्मा ने चिकित्सालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। वहीं, टीकाकरण गतिविधियों की समीक्षा के दौरान एएनएम द्वारा एचपीवी टीकाकरण का कार्य नहीं किए जाने का मामला सामने आया। इस पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मी को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने और नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
15 दिन में शुरू करनी होगी प्रसव सेवा
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में वर्तमान में प्रसव सेवाएं बंद होने पर सीएमओ ने गंभीरता से संज्ञान लिया। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को आगामी 15 दिनों के भीतर केंद्र में प्रसव सेवाएं अनिवार्य रूप से शुरू कराने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने स्पष्ट किया कि आमजन को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना चिकित्सालय प्रबंधन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप राणा, चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।