:- मजबूत वित्तीय स्थिति और बेहतर प्रदर्शन का प्रमाण है रेटिंग, परियोजनाओं के लिए बेहतर शर्तों पर वित्तीय संसाधन जुटाने में मिलेगी मदद
देहरादून। यूजेवीएन लिमिटेड को भारत सरकार के उपक्रम पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड (PFC) द्वारा सार्वजनिक क्षेत्र के विद्युत उपक्रमों के वर्गीकरण में ‘ए+’ श्रेणी प्रदान की गई है। यह उपलब्धि निगम की मजबूत वित्तीय स्थिति, कार्यकुशलता और निरंतर बेहतर प्रदर्शन को दर्शाती है।
यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने बताया कि पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा राज्य विद्युत उत्पादन संस्थानों, केंद्र सरकार के विद्युत उपक्रमों, ऊर्जा विभागों आदि का अर्धवार्षिक आधार पर वर्गीकरण किया जाता है। वित्तीय वर्ष 2024-25 की वित्तीय स्थिति तथा निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए नवीनतम रेटिंग इनपुट के आधार पर यूजेवीएन लिमिटेड का वर्गीकरण ‘ए+’ किया गया है।
उन्होंने बताया कि पीएफसी द्वारा प्रदान की गई यह रेटिंग 15 मई 2026 से प्रभावी मानी गई है और अगले वर्गीकरण की अधिसूचना जारी होने तक लागू रहेगी।
वित्तीय साख और विश्वसनीयता में होगा इजाफा
प्रबंध निदेशक श्री सिंह ने कहा कि पीएफसी की ‘ए+’ श्रेणी मिलने से यूजेवीएन लिमिटेड की विश्वसनीयता एवं वित्तीय साख में और वृद्धि होगी। साथ ही, भविष्य में विभिन्न परियोजनाओं के लिए बेहतर शर्तों पर वित्तीय संसाधन जुटाने में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने इसे यूजेवीएन लिमिटेड के साथ-साथ उत्तराखंड के ऊर्जा क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व तथा मुख्य सचिव और सचिव ऊर्जा के निरंतर सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उच्च स्तर पर प्राप्त मार्गदर्शन और सहयोग से यूजेवीएन लिमिटेड लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
श्री सिंह ने कहा कि निगम के समस्त कार्मिकों के साथ-साथ अधिशासी निदेशक (वित्त) श्री सुधाकर बडोनी एवं उनकी टीम द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों से निगम की वित्तीय स्थिति लगातार सुदृढ़ हो रही है और महत्वपूर्ण उपलब्धियां अर्जित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि पीएफसी की ‘ए+’ श्रेणी यूजेवीएन लिमिटेड की मजबूत वित्तीय स्थिति, कार्यकुशलता और बेहतर प्रदर्शन का प्रमाण है। इससे निगम की वित्तीय क्षमता को और मजबूती मिलने के साथ ही भविष्य की परियोजनाओं के लिए संसाधन जुटाने में सकारात्मक आधार तैयार होगा।