बसंत विहार में बुजुर्ग महिला से सोने की चेन लूटने वाला बदमाश आकाश उर्फ तमंचा एंकाउंटर में घायल, पैर में लगी गोली

:- चोरी की स्कूटी, तमंचा और लूटी गई सोने की चेन बरामद

देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र में देर रात हरबंसवाला बैरियर पर पुलिस की सघन चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सवार युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार, स्कूटी चालक चेकिंग प्वाइंट पर नहीं रुका और टी-स्टेट की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें स्कूटी सवार बदमाश के पैर में गोली लगी।

घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27 वर्ष), पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।

14 अगस्त की चेन स्नैचिंग का आरोपी

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल आकाश उर्फ तमंचा 14 अगस्त 2026 को बसंत विहार क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से हुई सोने की चेन स्नैचिंग की घटना में वांछित आरोपी है। उसके खिलाफ बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में लूटी गई सोने की चेन भी बरामद करने का दावा किया है।

चोरी की स्कूटी और तमंचा बरामद

मौके से पुलिस ने 315 बोर का एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में स्कूटी को कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी किया जाना बताया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी के उपचार की जानकारी भी ली। वहीं, एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक इतिहास और मुठभेड़ से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *