एटलांटिस क्लब में स्वतंत्रता दिवस के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया हरियाली तीज उत्सव

:- तीज क्वीन प्रतियोगिता में प्रियंका सिंह और रश्मि यादव ने हासिल किया प्रथम स्थान, गढ़वाली-कुमाऊनी लोकनृत्य एवं लोकगीतों ने बांधा समां

देहरादून। एटलांटिस क्लब, पंडितवाड़ी, चकराता रोड, देहरादून में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर हरियाली तीज उत्सव का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। समारोह में देशभक्ति के उत्साह के साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपरा और तीज उत्सव की जीवंत झलक देखने को मिली। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों एवं सदस्यों ने विभिन्न कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

आयोजन समिति के सदस्य श्री प्रमोद कुमार शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन समिति की निदेशक श्रीमती सुशीला सिंह एवं श्रीमती इंदिरा चौहान की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान सरप्राइज गेम्स, डांस, सिंगिंग सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें सदस्यों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अक्षरा एजुकेशनल सोसायटी की निदेशक एवं आर.एस. चैरिटेबल ट्रस्ट की सचिव श्रीमती रजनी गुसाईं ने सभी को स्वतंत्रता दिवस एवं हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

तीज क्वीन प्रतियोगिता रहा मुख्य आकर्षण

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण तीज क्वीन प्रतियोगिता रही। तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल में श्रीमती मृदुला पोखरियाल, श्रीमती शारदा अधिकारी एवं श्रीमती उषा रमोला शामिल रहीं। प्रतियोगिता 50 वर्ष से कम एवं 50 वर्ष से अधिक के दो आयु वर्गों में आयोजित की गई।

50 वर्ष से कम आयु वर्ग में:

प्रथम — श्रीमती प्रियंका सिंह

द्वितीय — श्रीमती श्वेता खंडूरी

तृतीय — श्रीमती रीना चौहान

50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में:

प्रथम — श्रीमती रश्मि यादव

द्वितीय — श्रीमती गंगा डालाकोटी

तृतीय — श्रीमती सुषमा सिंह

गढ़वाली-कुमाऊनी लोक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम में श्रीमती रेखा रावत एवं उनकी टीम ने गढ़वाली एवं कुमाऊनी लोकनृत्य और लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक लोक गीतों और नृत्यों पर उपस्थित सदस्यों ने जमकर उत्साह दिखाया और कलाकारों की प्रस्तुतियों की खूब सराहना की।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस समारोह में देशभक्ति की भावना, हरियाली तीज की उल्लासपूर्ण परंपरा और उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, उमंग और देशभक्ति का माहौल बना रहा।

लोक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका : नरेन्द्र सिंह चौहान

समारोह के समापन अवसर पर इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियर्स के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस एवं भारतीय संस्कृति और परंपरा से जुड़े तीज त्योहार के अवसर पर आयोजित ऐसे कार्यक्रम राष्ट्रीयता और आपसी मेल-जोल बढ़ाने के साथ-साथ हमारी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *