ग्रामीण निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से न हो समझौता: जोत सिंह बिष्ट

:- टिहरी में विभागीय समीक्षा बैठक, 20 विभागों के 186 निर्माण कार्यों की प्रगति परखी; 78 राजस्व ग्रामों को सड़क सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर

टिहरी गढ़वाल, 14 जुलाई। उत्तराखण्ड ग्रामीण निर्माण परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री जोत सिंह बिष्ट ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में ग्रामीण निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय योजनाओं और निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग विशाल चौहान ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में राज्यमंत्री जोत सिंह बिष्ट ने बताया कि जनपद में ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा 20 विभागों के कुल 186 निर्माण कार्य संचालित किए जा रहे हैं। सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुरूप प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी परियोजना में किसी प्रकार की बाधा आती है तो उसका त्वरित समाधान कर समय पर कार्य पूरा कराया जाएगा। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कराए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 250 से कम आबादी वाले ऐसे 78 राजस्व ग्राम एवं बस्तियां, जो प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) से आच्छादित नहीं हैं, उन्हें वर्ष 2014-15 से ग्रामीण निर्माण विभाग के माध्यम से सड़क सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इनमें से 13 सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि वर्तमान वर्ष में 14 नई सड़कों का निर्माण तथा 2 सड़कों का अपग्रेडेशन किया जाएगा।

राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड को युवा नेतृत्व मिला है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के इतिहास में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *