: श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े संवेदनशील मामले में चमोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, देहरादून से हुई गिरफ्तारी; धनराशि व भेंट सामग्री हड़पने के आरोप
चमोली। देश के प्रमुख आस्था केंद्र श्री बद्रीनाथ धाम में थाली भेंट की धनराशि और भेंट सामग्री में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में चमोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंदिर समिति के एक कार्मिक को गिरफ्तार किया है। श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की वित्तीय पारदर्शिता से जुड़े इस संवेदनशील मामले में शासन द्वारा गंभीरता से संज्ञान लेने के बाद विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान ने कोतवाली श्री बद्रीनाथ में तहरीर देकर बताया कि 2 जुलाई को थाली भेंट की गणना के दौरान वित्तीय अनियमितता की सूचना मिलने पर मंदिर समिति ने विभागीय जांच कराई। प्रारंभिक जांच में मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल द्वारा थाली भेंट गणना स्थल से धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को निजी लाभ के लिए ले जाने की पुष्टि हुई।
तहरीर के आधार पर कोतवाली श्री बद्रीनाथ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 एवं 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी चमोली मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में गठित SIT ने मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और 2 जुलाई की थाली भेंट गणना कक्ष की सीसीटीवी फुटेज का विस्तृत परीक्षण किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी कई बार गणना कक्ष से धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा जेब में रखकर बाहर ले गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अलग-अलग समय पर ₹500 के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला तथा केसर का पैकेट अपने कब्जे में लिया।
सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 12 जुलाई 2026 की रात लगभग 10 बजे आरोपी प्रमोद नौटियाल को उसके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में क्षेत्राधिकारी मदन सिंह बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक महादेव प्रसाद उनियाल सहित एसआईटी, एसओजी और कोतवाली बद्रीनाथ के पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
Sp Chamoli
🚨 बद्रीनाथ धाम में थाली भेंट अनियमितता मामले में बड़ी कार्रवाई
चमोली पुलिस ने श्री बद्रीनाथ धाम में थाली भेंट की धनराशि एवं भेंट सामग्री में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में मंदिर समिति के एक कार्मिक को गिरफ्तार किया है।
SIT जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों में आरोपी को गणना कक्ष से धनराशि, सोना-चांदी के सिक्के, शालिग्राम शिला और अन्य भेंट सामग्री ले जाते हुए पाया गया। पुलिस ने आरोपी को देहरादून स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले में जांच जारी है।