:- टिहरी जिला कार्यकारिणी की बैठक में शिक्षक कर्मचारियों की समस्याओं पर हुई चर्चा, संगठन को मजबूत बनाने पर दिया गया जोर
टिहरी गढ़वाल। अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ जनपद टिहरी गढ़वाल की जिला कार्यकारिणी की बैठक जिला अध्यक्ष शिव सिंह रावत की अध्यक्षता में श्री लाल बहादुर शास्त्री जूनियर हाईस्कूल, ढालवाला (मुनि की रेती) में आयोजित की गई। बैठक में अशासकीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए संघ के प्रांतीय संरक्षक चिंतामणि सेमवाल एवं राजेन्द्र कुकरेती ने कहा कि संगठन के माध्यम से ही शिक्षक एवं कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान संभव है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से संगठन की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तराखंड के प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी ने कहा कि संघ के गठन के बाद से संगठन शिक्षक एवं कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रयासों का ही परिणाम है कि सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों के गोल्डन कार्ड बन चुके हैं और उन्हें राज्य स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिल रहा है। साथ ही अन्य समस्याओं के समाधान की दिशा में भी लगातार कार्य किया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष शिव सिंह रावत एवं जिला मंत्री नवीन बड़ोनी ने कहा कि जनपद के अशासकीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं कर्मचारियों का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं है। वर्षों से लंबित मामलों का भी निस्तारण कराया जा चुका है।
बैठक में उपस्थित शिक्षकों ने अशासकीय विद्यालयों में नियुक्ति प्रक्रिया को अविलंब प्रारंभ करने, रिक्त पदों को पुनर्जीवित करने तथा वित्तीय स्वीकृति की व्यवस्था को समाप्त करने की मांग उठाई। इसके अलावा जूनियर हाईस्कूलों एवं एलटी संवर्ग में टीईटी की व्यवस्था समाप्त करने, तदर्थ एवं वित्तविहीन सेवाओं का लाभ पुरानी पेंशन, चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान में प्रदान करने, राजकीय विद्यालयों की भांति अशासकीय विद्यालयों में भी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा डाउन ग्रेड प्रधानाचार्यों को ढाई वर्ष में प्रधानाचार्य का पूर्ण वेतनमान प्रदान करने की मांग की गई।
बैठक में प्रांतीय मंत्री सुनील पैन्यूली, प्रधानाचार्य राजेश डंगवाल, प्रधानाचार्य श्रीनिवास उनियाल, प्रांतीय मंत्री एवं प्रधानाचार्य सुरेश ममगाईं, संरक्षक श्रीमती मधुमती बिंजोला, विनोद बिजल्वाण (पूर्व जिलाध्यक्ष), प्रधानाचार्य धनंजय रावत, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती अनुराखी, कोषाध्यक्ष राजेश बहुगुणा, बिरेन्द्र कुड़ियाल, ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद शर्मा, चंद्रभानु सेमवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।