:- अब ट्रायल और प्रोफेशनल फुटबॉल अवसरों के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जुलाई से शुरू होंगे रजिस्ट्रेशन और प्रशिक्षण शिविर
देहरादून। उत्तराखंड के फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य की पहली मान्यता प्राप्त देहरादून फुटबॉल एकेडमी (डीएफए) ने महाराष्ट्र के ठाणे, मुंबई स्थित प्रतिष्ठित बीएनएफसी फुटबॉल क्लब के साथ तीन वर्षों के लिए करार (एमओयू) किया है। यह समझौता 26 जून 2026 को डीएफए के संस्थापक अध्यक्ष एवं मुख्य प्रशिक्षक डॉ. विरेन्द्र सिंह रावत तथा बीएनएफसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अशीम बर्वा के बीच हुआ।
डॉ. विरेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि देहरादून फुटबॉल एकेडमी उत्तराखंड की पहली ऐसी एकेडमी है, जिसे अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) तथा उत्तराखंड राज्य फुटबॉल एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त है और जिसने किसी प्रतिष्ठित पेशेवर फुटबॉल क्लब के साथ इस स्तर का समझौता किया है।
इस करार के तहत 10 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों से लेकर ओपन एज वर्ग तक के खिलाड़ियों को ग्रासरूट्स एवं एलीट प्लेयर डेवलपमेंट कार्यक्रमों का लाभ मिलेगा। इसके अलावा रेजिडेंशियल डेवलपमेंट प्रोग्राम, जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी, यूथ एवं एकेडमी लीग, राष्ट्रीय टूर्नामेंट, प्रोफेशनल क्लबों में ट्रायल, अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर टूर तथा प्रशिक्षण शिविर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
समझौते के तहत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति, प्रशिक्षकों के लिए शिक्षा एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम, फुटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के एक्रिडिटेशन रोडमैप के अनुरूप प्रशिक्षण तथा दीर्घकालिक फुटबॉल करियर विकास के अवसर भी प्रदान किए जाएंगे।
डॉ. रावत ने कहा कि अब उत्तराखंड के खिलाड़ियों को ट्रायल देने या बेहतर अवसरों की तलाश में राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। देहरादून फुटबॉल एकेडमी राज्य में ही खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और प्रतियोगी मंच उपलब्ध कराएगी, जिससे उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि जुलाई माह से खिलाड़ियों के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और प्रशिक्षण शिविर शुरू किए जाएंगे। चयनित खिलाड़ियों को दिसंबर माह से आयोजित होने वाली जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर डीएफए के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. विरेन्द्र सिंह रावत और बीएनएफसी के सीईओ अशीम बर्वा द्वारा संयुक्त रूप से आधिकारिक टी-शर्ट का भी लोकार्पण किया गया।