:- 10 लाख रुपये और फिजूलखर्ची बना हत्या की वजह, पुलिस को गुमराह करने के लिए हाईवे पर कराया प्रदर्शन
देहरादून, 15 जून। पटेलनगर क्षेत्र के भुड्डी गांव में युवक की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले का दून पुलिस ने मात्र 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के छोटे भाई को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने बड़े भाई की हत्या कर घटना को अज्ञात हमलावरों की वारदात बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार 14 जून की रात भुड्डी गांव निवासी सोहेल हारून को गोली लगने की सूचना मिली थी। परिजन और स्थानीय लोग उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी में मृतक के छोटे भाई शाहिद हारून ने दावा किया था कि कोई अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर उसके भाई को गोली मार गया।
सीसीटीवी और फॉरेंसिक जांच से खुला राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि घर के सीसीटीवी कैमरे चालू तो थे, लेकिन उनकी रिकॉर्डिंग डिलीट कर दी गई थी। आसपास के कैमरों की जांच में भी कोई संदिग्ध व्यक्ति घर में आता-जाता नहीं दिखाई दिया।
मौके के निरीक्षण के दौरान पुलिस को घर के बाथरूम में छिपाकर रखी गई एक 32 बोर की देशी पिस्टल बरामद हुई। पूछताछ में शाहिद उसके बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। संदेह गहराने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपने भाई की हत्या करना स्वीकार कर लिया।
10 लाख रुपये निकालने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शाहिद नशे और फिजूलखर्ची का आदी था। वह अक्सर अपने शौक पूरे करने के लिए घरवालों से पैसे मांगता था। कुछ समय पहले माता-पिता के हज पर जाने के बाद उसने चोरी-छिपे पिता का एटीएम अपने कब्जे में लेकर खाते से करीब 10 लाख रुपये निकाल लिए और उन्हें अपनी ऐयाशी में खर्च कर दिया।
जब बड़े भाई सोहेल को इसकी जानकारी मिली तो दोनों के बीच विवाद हुआ। सोहेल ने शाहिद की पिटाई भी की थी। इसी अपमान और नाराजगी के चलते शाहिद ने हत्या की साजिश रची।
दो दिन पहले से की थी तैयारी
पुलिस के मुताबिक शाहिद ने हत्या की योजना के तहत दो दिन पहले ही घर के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद कर दी थी और उन्हें केवल लाइव मोड पर छोड़ दिया था। 14 जून की रात उसने घर में रखी देशी पिस्टल से सोहेल को गोली मार दी और हथियार को बाथरूम में छिपा दिया।
हाईवे जाम कर पुलिस को भटकाने की कोशिश
हत्या के बाद शाहिद ने गांव वालों और परिजनों को उकसाकर देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन कराया। इसका उद्देश्य पुलिस का ध्यान भटकाना और खुद को पीड़ित साबित करना था। इस मामले में पुलिस ने शाहिद समेत अन्य नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ अलग से मुकदमा दर्ज किया है।
आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी शाहिद हारून (21 वर्ष) निवासी भुड्डी, पटेलनगर को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त 32 बोर की देशी पिस्टल बरामद की गई है।