पत्रकार समाज के सजग प्रहरी, उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा भी महत्वपूर्ण : खजान दास

“समाज और शासन के बीच सेतु हैं पत्रकार, स्वास्थ्य का ध्यान भी जरूरी” : बंशीधर तिवारी
:- उत्तरांचल प्रेस क्लब के स्वास्थ्य शिविर में 142 पत्रकारों व परिजनों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

:- विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी स्वास्थ्य सेवाएं, निःशुल्क दवाओं का वितरण और रक्तदान भी हुआ

देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब एवं चिकित्सा शिक्षा निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को प्रेस क्लब परिसर में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 142 पत्रकारों और उनके परिजनों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं विभिन्न चिकित्सीय सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में स्वास्थ्य जांच के साथ ब्लड टेस्ट, ईसीजी, नेत्र परीक्षण सहित अन्य आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण किए गए। जांच के बाद जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। वहीं कई पत्रकारों ने रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।

शिविर में चिकित्सा शिक्षा निदेशालय की टीम के साथ राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। स्वास्थ्य शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर, ईसीजी, नेत्र परीक्षण सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचें की गईं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि पत्रकार समाज के सजग प्रहरी हैं और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने उत्तरांचल प्रेस क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ पत्रकारिता ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है।

अति विशिष्ट अतिथि सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि पत्रकार दिन-रात समाज और शासन के बीच सेतु का कार्य करते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच और देखभाल के लिए इस प्रकार के शिविर बेहद उपयोगी हैं। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा निदेशालय और प्रेस क्लब की पहल को सराहनीय बताया।

विशिष्ट अतिथि एवं चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. अजय कुमार आर्या ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए आयोजित यह शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सहयोगात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही।

उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्लब अपने सदस्यों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है और आगे भी पत्रकारों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे।

शिविर में सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा, एमएस एवं ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. बिष्ट, आर्थोपेडिक्स विशेषज्ञ डॉ. चंद्रशेखर एवं डॉ. विक्रांत, जनरल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अरुण पाण्डेय, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रीना पाल, कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अमर उपाध्याय एवं डॉ. उत्कर्ष, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. भव्य सहगल, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज सारस्वत तथा ब्लड बैंक से डॉ. शशि उप्रेती सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन क्लब के महामंत्री योगेश सेमवाल ने किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य समिति के संयोजक एवं संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाईं, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, संयुक्त मंत्री मीना नेगी, संप्रेक्षक विजय जोशी तथा कार्यकारिणी सदस्य ओम प्रकाश जोशी, मनमोहन लखेड़ा, वीरेंद्र डंगवाल पार्थ, मनोज जयाड़ा, सुलोचना पयाल, रश्मि खत्री, हिमांशु जोशी, मनवर रावत, सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *