फर्जी शस्त्र लाइसेंस गिरोह पर एसटीएफ का कड़ा प्रहार

:- काशीपुर में संयुक्त कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार; 3 सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, 65 कारतूस और 3 फर्जी लाइसेंस बरामद

देहरादून/काशीपुर, 5 जून। मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” विजन के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और ऊधमसिंह नगर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर काशीपुर क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, 65 कारतूस तथा तीन कूटरचित (फर्जी) शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ द्वारा लगभग एक माह से की जा रही गोपनीय जांच और सत्यापन के बाद काशीपुर कोतवाली में उत्तर प्रदेश से निर्गत दर्शाए गए 10 फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसी मुकदमे की विवेचना के दौरान बुधवार देर रात यह कार्रवाई की गई।

शाहजहांपुर के नाम पर बनाए गए थे फर्जी लाइसेंस

जांच में सामने आया कि नौशाद हुसैन सहित 10 व्यक्तियों ने जनपद शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) से जारी दर्शाए गए शस्त्र लाइसेंसों के आधार पर काशीपुर स्थित गन हाउस से हथियार खरीदे थे। एसटीएफ ने संबंधित दस्तावेजों और अभिलेखों का सत्यापन कराया, जिसमें पता चला कि संबंधित व्यक्तियों के नाम से कोई शस्त्र लाइसेंस जारी ही नहीं किया गया था। लाइसेंसों के क्रमांक अन्य व्यक्तियों के नाम पर दर्ज पाए गए, जिससे ये लाइसेंस प्रथम दृष्टया फर्जी और कूटरचित सिद्ध हुए।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

एसटीएफ ने बताया कि इस अभियान के तहत पहले भी फर्जी शस्त्र लाइसेंसों के दो मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पूर्व कार्रवाई में भी एक आरोपी के कब्जे से फर्जी लाइसेंस, अवैध सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और कारतूस बरामद हुए थे।

हजारों लाइसेंसों का सत्यापन जारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि बाहरी राज्यों से उत्तराखंड में स्थानांतरित होकर आए हजारों शस्त्र लाइसेंसों की वैधता की जांच जारी है। विभिन्न राज्यों के जिलाधिकारी कार्यालयों और लाइसेंस जारी करने वाले प्राधिकारियों से अभिलेख मंगाकर सत्यापन किया जा रहा है। जांच में जो भी फर्जीवाड़ा सामने आएगा, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस राष्ट्रीय सुरक्षा, सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं। उत्तराखंड पुलिस ऐसे मामलों में “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत कार्रवाई कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी

नौशाद हुसैन पुत्र लियाकत हुसैन, निवासी मोहल्ला थाना साबिक, काशीपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर।

बरामदगी: 1 पिस्टल (.30 बोर), 28 कारतूस एवं फर्जी लाइसेंस।

जतिन कांडपाल पुत्र पूरन चंद्र कांडपाल, निवासी चामुंडा मंदिर क्षेत्र, काशीपुर, ऊधमसिंह नगर।

बरामदगी: 1 पिस्टल (.32 बोर), 18 कारतूस एवं फर्जी लाइसेंस।

अजीम पुत्र नन्हे पहलवान, निवासी ग्राम एवं पोस्ट सिंधौली, जनपद शाहजहांपुर (उप्र), हाल निवासी काशीपुर।

बरामदगी: 1 पिस्टल (.30 बोर), 19 कारतूस एवं फर्जी लाइसेंस।

जनता से अपील

एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को फर्जी अथवा संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल एसटीएफ को सूचित करें। सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

संपर्क नंबर: 9412029536

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *