देहरादून: मैक्स लाइफ इंश्योरेंस पालिसी में कुछ गड़बड़ी बताकर समस्या के समाधान के नाम पर एक ठग ने देहरादून की महिला से एक करोड़ 30 लाख रुपये की ठगी कर ली थी। इस ठग को एसटीएफ ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम राहुल पांडे निवासी निहाल विहार पश्चिमी दिल्ली है। उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स के एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि विनोद कुमारी बंसल निवासी बल्लुपुर रोड देहरादून ने पुलिस को तहरीर दी थी कि उन्होंने वर्ष 2017 में मैक्स लाइफ इंश्योरेंस पालिसी खरीदी थी। पालिसी ने वर्ष 2027 में मिच्योर होना था।
जुलाई 2022 को उन्हें एक अज्ञात फोन आया, जिसने खुद को मैक्स लाइफ इंश्योरेंस का अधिकारी बताया। ठग ने कहा कि पालिसी में कुछ समस्या है, जिसके कारण पालिसी को रद की जा रही है। वह इस समस्या का समाधान कर सकते है। इसके बाद उसने अलग-अलग फीस के नाम पर महिला से एक करोड़ 30 लाख रुपये ठग लिए। तब महिला को ठगी का एहसास हुआ।