:- हत्या के प्रयास व लूट में फंसाने की धमकी देकर कारोबारी से वसूले थे 2 लाख, मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपी दबोचे
देहरादून, 13 मई। देहरादून पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एक ऐसे शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो कारोबारियों को झूठे मुकदमों में फंसाने का डर दिखाकर पुलिस में “सेटिंग” कराने के नाम पर मोटी रकम वसूलता था। ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹1.83 लाख नकद, मोबाइल फोन और अहम डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं।
मामला तब सामने आया जब गंगानगर, ऋषिकेश निवासी कारोबारी अतुल गुप्ता ने 10 मई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि अनुज गोयल नामक व्यक्ति अपने साथियों के साथ मिलकर उन्हें और उनके परिजनों को हत्या के प्रयास और लूट जैसे गंभीर मामलों में फंसाने की धमकी दे रहा था। आरोपियों ने पुलिस कार्रवाई से बचाने और मामला रफा-दफा कराने के नाम पर 20 से 25 लाख रुपये की मांग की तथा डराकर 2 लाख रुपये वसूल भी लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मोबाइल सर्विलांस, व्हाट्सएप चैट, कॉल डिटेल और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान मुख्य आरोपी अनुज गोयल को उसके साथियों शुभम चौहान और आदित्य लोधी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कारोबारी को भयभीत कर धन उगाही के लिए पूरी साजिश रची थी। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन से धमकी भरे व्हाट्सएप कॉल, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए हैं। शुभम चौहान की निशानदेही पर उसके घर से ₹1,83,500 नकद बरामद किए गए, जो वसूली गई रकम का हिस्सा बताए जा रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपी
अनुज गोयल निवासी भानियावाला, डोईवाला
शुभम चौहान निवासी रानीपोखरी/दोनाली
आदित्य लोधी निवासी अमन विहार, डोईवाला
बरामदगी
₹1,83,500 नकद
एप्पल आईफोन
व्हाट्सएप चैट व कॉल रिकॉर्ड
अन्य डिजिटल साक्ष्य
हाईलाइटर:-
पुलिस सेटिंग के नाम पर कारोबारी को कर रहे थे ब्लैकमेल
हत्या व लूट के झूठे मुकदमे में फंसाने की दे रहे थे धमकी
मोबाइल सर्विलांस और डिजिटल साक्ष्यों से खुला पूरा राज