:- मुख्यमंत्री धामी की मंजूरी के बाद पदोन्नति आदेश जारी
:- दो साल की परिवीक्षा अवधि में रहेंगे नव पदोन्नत अधिकारी
:- पिछले दिनों देहरादून जिला सूचना कार्यालय में बद्री चंद नेगी को दी गई भावुक विदाई
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुमोदन के उपरांत सचिव शैलेश बगौली ने सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग में महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल करते हुए सहायक निदेशक पद पर कार्यरत अर्चना और बद्री चंद को उप निदेशक पद पर पदोन्नत करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार, दोनों अधिकारियों को नियमित चयन के उपरांत कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से उप निदेशक पद पर प्रोन्नति प्रदान की गई है। साथ ही उन्हें नियमानुसार 2 वर्ष की परिवीक्षा अवधि में रखा गया है।
इधर, सहायक निदेशक एवं जिला सूचना अधिकारी के रूप में कार्यरत रहे बद्री चंद नेगी के सूचना निदेशालय में स्थानांतरण के अवसर पर पिछले दिनों देहरादून जिला सूचना परिवार द्वारा उन्हें भावपूर्ण विदाई दी गई।
नेगी ने 03 जनवरी 2022 को देहरादून में जिला सूचना अधिकारी का दायित्व संभाला था। अपने लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने निष्ठा, समर्पण और दक्षता के साथ विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उनके नेतृत्व में सूचना तंत्र और जनसंपर्क गतिविधियों को नई दिशा और गति मिली।
उनकी कार्यशैली में अनुशासन, पारदर्शिता और मानवीय संवेदनाओं का संतुलित समन्वय देखने को मिला। उन्होंने टीम भावना को सशक्त करते हुए एक ऊर्जावान और समन्वित कार्यसंस्कृति विकसित की। चुनौतियों को अवसर में बदलने की उनकी क्षमता और सकारात्मक दृष्टिकोण ने उन्हें एक कुशल प्रशासक और प्रेरणास्रोत के रूप में स्थापित किया। नेगी उत्तरकाशी, हल्द्वानी, पौड़ी, देहरादून में तैनात रह चुके हैं।