विक्रम शर्मा हत्याकांड: 6 फरार आरोपियों पर एक-एक लाख का इनाम, गैर-जमानती वारंट जारी

:- डालनवाला पुलिस की सख्ती तेज, गैर-प्रांतों में लगातार दबिश—पहले ही 2 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

देहरादून, 23 अप्रैल। डालनवाला थाना क्षेत्र के सिल्वर सिटी मॉल के पास हुए चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे 6 आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए प्रत्येक पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। साथ ही सभी आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी प्राप्त कर लिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 13 फरवरी 2026 को सिल्वर सिटी मॉल में अज्ञात बदमाशों ने विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में थाना डालनवाला में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इनमें राजकुमार को 19 फरवरी को जमशेदपुर से और अक्षत ठाकुर को 23 फरवरी को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया गया था।

पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 6 अन्य आरोपियों की पहचान हुई, जो अभी भी फरार हैं। लगातार फरार रहने पर पुलिस ने इन सभी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराए हैं और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर उत्तराखंड के बाहर भी दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) उत्तराखंड द्वारा सभी 6 आरोपियों पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

फरार/ईनामी आरोपी:

अंकित वर्मा, आशुतोष कुमार सिंह, विशाल सिंह, आकाश कुमार प्रसाद, यशराज और जितेन्द्र कुमार साहू (सभी निवासी झारखंड)

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इन आरोपियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *