बांध सुरक्षा में उत्कृष्ट कार्य, यूजेवीएनएल को मिला “वॉटर डाइजेस्ट” अवार्ड

आधुनिक तकनीक, मजबूत प्रबंधन और नवाचार के दम पर मिली उपलब्धि, 1440.60 मेगावाट क्षमता के साथ ऊर्जा क्षेत्र में अग्रणी भूमिका

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून: उत्तराखंड सरकार के उपक्रम यूजेवीएन लिमिटेड (UJVNL) को प्रतिष्ठित “वॉटर डाइजेस्ट वर्ल्ड वाटर अवार्ड्स” के अंतर्गत “सर्वश्रेष्ठ पहल – बांध सुरक्षा” श्रेणी में सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार पर्यावरण संरक्षण और संरचनात्मक विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं नवाचारपूर्ण प्रयासों के लिए प्रदान किया जाता है।

यूजेवीएन लिमिटेड राज्य में 1440.60 मेगावाट की स्थापित क्षमता के साथ जलविद्युत एवं सौर ऊर्जा उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। निगम ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने के लिए नई परियोजनाओं के विकास और निर्माण के साथ-साथ पुरानी परियोजनाओं के सुदृढ़ीकरण एवं सुरक्षित संचालन पर भी समान रूप से ध्यान दे रहा है।

इस उपलब्धि पर प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सम्मान निगम के कुशल प्रबंधन, तकनीकी दक्षता और नवाचार के साथ कार्मिकों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि यूजेवीएनएल द्वारा बांधों और बैराजों की सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग, नियमित निरीक्षण और प्रभावी अनुरक्षण प्रक्रियाएं अपनाई जा रही हैं, जिससे संरचनाओं की दीर्घकालिक सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित हो रही है।

उन्होंने आगे बताया कि वर्ष 2015 से निगम केंद्रीय जल आयोग और विश्व बैंक के सहयोग से संचालित बांध पुनर्वास एवं सुधार परियोजना (DRIP) में सक्रिय भागीदारी कर रहा है। इसके तहत छह पुराने बांधों और बैराजों के पुनर्वास एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य प्रगति पर है।

इसके अलावा, परिचालन एवं अनुरक्षण नियमावली तथा आपातकालीन कार्ययोजना (Emergency Action Plan) जैसे महत्वपूर्ण तकनीकी दस्तावेज भी तैयार किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।

अजय कुमार सिंह ने महिला सशक्तिकरण को संगठन की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को परियोजना स्थलों पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि यूजेवीएन लिमिटेड भविष्य में भी सुरक्षित, विश्वसनीय और स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखते हुए बांध सुरक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *