वरिष्ठ नागरिक से जन्म प्रमाण पत्र के नाम पर 11,500 रुपये ठगे जाने का मामला सामने आया, हांगकांग में नौकरी का झांसा देकर 4 लाख लेने की शिकायत भी पहुंची जनता दरबार में
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून, 16 मार्च 2026। जिलाधिकारी सविन बसंल के निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा की अध्यक्षता में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 162 शिकायतें प्राप्त हुईं। अपर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनता दर्शन में ईदगाह निवासी वरिष्ठ नागरिक दुलीचंद ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कचहरी स्थित एक स्टाम्प वेंडर/टाइपिस्ट को अपने दस्तावेज दिए थे। आरोप है कि टाइपिस्ट ने जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर उनसे 11,500 रुपये ले लिए और एक माह बाद प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया। बाद में आधार कार्ड अपडेट कराने के दौरान नगर निगम में जांच में उक्त जन्म प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया और निरस्त कर दिया गया। पैसे वापस मांगने पर धमकाने का आरोप भी लगाया गया। इस पर एडीएम ने नगर निगम और पुलिस को मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मोथोरोवाला निवासी एक बुजुर्ग दंपति ने भी जनता दर्शन में गुहार लगाई कि उनके पुत्र और पुत्रवधू द्वारा मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और प्रताड़ना की जा रही है। इस संबंध में डीएम कोर्ट में भरण-पोषण एक्ट के तहत वाद भी दर्ज है। उप जिलाधिकारी (सदर) द्वारा थाना नेहरू कॉलोनी को कार्यवाही हेतु पत्र भेजा गया था, लेकिन मामला थाना नेहरू कॉलोनी और बाईपास चौकी के बीच बार-बार स्थानांतरित होने से बुजुर्ग दंपति को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एडीएम ने मामले का संज्ञान लेते हुए सीओ डालनवाला को त्वरित कार्रवाई कर शिकायत का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हर्रावाला निवासी लक्ष्मणदास ने शिकायत में बताया कि उन्होंने भूमि क्रय के लिए अनुबंध किया था और 2 लाख रुपये नकद दिए थे। अनुबंध में रास्ता 15 फीट बताया गया था, जबकि मौके पर रास्ता 12 फीट ही पाया गया। पैसे वापस मांगने पर संबंधित डीलर द्वारा धमकाने का आरोप लगाया गया। इस पर एडीएम ने सीओ डोईवाला को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अनारवाला निवासी सागर थापा ने शिकायत दर्ज कराई कि एक व्यक्ति ने उन्हें हांगकांग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 4 लाख रुपये ले लिए। करीब 10 महीने बीतने के बाद भी आरोपी बहाने बना रहा है और पैसे भी वापस नहीं कर रहा, साथ ही फोन नंबर भी ब्लॉक कर दिया है। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय को पत्राचार किया गया।
बापूनगर जाखन निवासी सुनीता खंडूरी ने बताया कि अगस्त 2025 में अतिवृष्टि के कारण उनके क्षेत्र में रास्ता और पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे उनके घर को खतरा बना हुआ है। इस पर एडीएम ने अधीक्षण अभियंता प्रांतीय खंड को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विभाग की ओर से बताया गया कि 18.89 लाख रुपये का आगणन तैयार कर लिया गया है और जल्द ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, उप नगर आयुक्त नगर निगम संतोष पाण्डेय, जिला पूर्ति अधिकारी के.के अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।