राजस्थान के कोटा में आयोजित 47वीं ऑल इंडिया प्रतियोगिता में ऊर्जा निगम के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। ऑल इंडिया इलेक्ट्रिसिटी स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड द्वारा राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम के सौजन्य से कोटा स्थित सुपर थर्मल पावर में 13 मार्च से 15 मार्च 2026 तक आयोजित 47वीं ऑल इंडिया इलैक्ट्रीसिटी स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड पावरलिफ्टिंग एवं बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में उत्तराखंड के ऊर्जा निगमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया।
टीम मैनेजर विकास भद्री ने जानकारी देते हुए बताया कि यूजेवीएन लिमिटेड में कार्यरत नरेंद्र कश्यप ने 162 सेमी तक के लंबाई वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं 167-172 सेमी लंबाई वर्ग में यूपीसीएल के राहुल गोयल ने कांस्य पदक जीतकर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में खिलाड़ी विभिन्न लंबाई वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हैं।
विकास भद्री ने बताया कि नरेंद्र कश्यप इससे पहले ऋषिकेश में आयोजित प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। टीम के कोच रमन पटेल ने बताया कि प्रतियोगिता की अन्य स्पर्धाओं में यूजेवीएन लिमिटेड के प्रियम तिवारी और रिशु कुमार ने भी शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की तालियां बटोरीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के ऊर्जा निगम के खिलाड़ी पिछले कई वर्षों से शरीर सौष्ठव प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।
यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप सिंघल ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि दैनिक कार्यों के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में इस तरह की उपलब्धि हासिल करना ऊर्जा निगमों के साथ ही पूरे उत्तराखंड राज्य के लिए गौरव की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी भविष्य में भी इसी समर्पण और मेहनत के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य और निगम का नाम रोशन करेंगे तथा अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेंगे।