देहरादून में राष्ट्रीय लोक अदालत का बड़ा असर: एक ही दिन में 12,063 मामलों का निस्तारण, करोड़ों की राशि पर समझौता

 जिला मुख्यालय समेत ऋषिकेश, विकासनगर, डोईवाला, मसूरी और चकराता में लगी लोक अदालत

हजारों मामलों का आपसी समझौते से निपटारा, करोड़ों रुपये के दावों का हुआ समाधान

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के तत्वावधान में 14 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक वर्ष 2026 की प्रथम राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया।

यह लोक अदालत जिला मुख्यालय देहरादून के साथ-साथ बाह्य न्यायालय ऋषिकेश, विकासनगर, डोईवाला, मसूरी और चकराता में आयोजित की गई। इसमें मोटर दुर्घटना क्लेम, सिविल मामले, पारिवारिक विवाद, चेक बाउंस, शमनीय आपराधिक मामले सहित विभिन्न प्रकार के प्रकरणों को सुनवाई के लिए रखा गया।

लोक अदालत में जनपद देहरादून में कुल 7255 मामलों का निस्तारण किया गया। इनमें फौजदारी के शमनीय प्रकृति के 207 मामले, चैक संबंधी 693 मामले, धन वसूली के 18 मामले, मोटर दुर्घटना क्लेम ट्रिब्यूनल के 62 मामले, पारिवारिक विवाद के 129 मामले, श्रम संबंधी 01 मामला, मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत शमनीय अपराधों के 6075 मामले, उपभोक्ता फोरम के 15 तथा अन्य सिविल प्रकृति के 55 मामले शामिल रहे। इन मामलों में कुल 496212074 रुपये की धनराशि पर समझौता हुआ।

इसी प्रकार बाह्य न्यायालय विकासनगर में न्यायिक अधिकारियों द्वारा 739 मामलों का निस्तारण कर 99,58,000 रुपये की धनराशि पर समझौता कराया गया।

बाह्य न्यायालय ऋषिकेश में 911 मामलों का निस्तारण करते हुए 33,198,531 रुपये की राशि पर समझौता हुआ।

वहीं डोईवाला न्यायालय में 312 मामलों का निस्तारण कर 272,474,100 रुपये की धनराशि पर समझौता हुआ।

मसूरी न्यायालय में 47 मामलों का निस्तारण कर 25,04,711 रुपये तथा चकराता न्यायालय में 14 मामलों का निस्तारण कर 19,52,500 रुपये की धनराशि पर समझौता कराया गया।

इसके अतिरिक्त विभिन्न बैंकों और संस्थानों द्वारा प्री-लिटिगेशन स्तर के मामलों का भी निपटारा किया गया। इस दौरान 4808 मामलों का सफल निस्तारण हुआ और 3,22,11,036 रुपये की धनराशि पर पक्षकारों के बीच समझौता हुआ।

इस प्रकार जिला देहरादून में एक ही दिन में कुल 12,063 मामलों का निस्तारण कर राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *