देहरादून के एलपी विलास में हुआ इंडिया ट्रैवल मार्ट (ITM) का उद्घाटन 

आईसीएम ग्रुप द्वारा आयोजित यह तीन दिवसीय प्रदर्शनी 13, 14 और 15 मार्च 2026 तक चलेगी

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून, 13 मार्च 2026: भारत के प्रमुख ट्रैवल और टूरिज्म प्रदर्शनी में से एक “इंडिया ट्रैवल मार्ट” (ITM) का आज शुभारंभ एलपी विलास, चकराता रोड, देहरादून में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तराखंड पर्यटन की अतिरिक्त निदेशक पूनम चंद ने किया। इस अवसर पर ट्रैवल और टूरिज्म उद्योग के प्रमुख प्रतिनिधि, इंडिया टूरिज्म (भारत सरकार), जम्मू-कश्मीर पर्यटन, पंजाब पर्यटन और उत्तराखंड पर्यटन के अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही देशभर से आए कई होटल, रिसॉर्ट, टूर ऑपरेटर और ट्रैवल सेवा प्रदाता विभिन्न पर्यटन स्थलों और अनुभवों को प्रदर्शित कर रहे हैं।

आईसीएम ग्रुप द्वारा आयोजित यह तीन दिवसीय प्रदर्शनी 13, 14 और 15 मार्च 2026 तक चलेगी। इसमें देशभर से पर्यटन बोर्ड, ट्रैवल कंपनियां, होटल व्यवसायी, डेस्टिनेशन मैनेजमेंट कंपनियां (DMCs), एयरलाइंस और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारक भाग ले रहे हैं।

इस कार्यक्रम में होस्टेड बायर्स मीट का भी आयोजन किया गया है, जिसमें देशभर के ट्रैवल एजेंट और टूर ऑपरेटर देहरादून पहुंचे हैं। इसका उद्देश्य प्रदर्शकों और खरीदारों के बीच बी2बी मीटिंग, नेटवर्किंग और व्यावसायिक सहयोग को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर आईसीएम ग्रुप के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अजय गुप्ता ने देहरादून को एक महत्वपूर्ण पर्यटन केंद्र बताते हुए कहा कि

“देहरादून उत्तराखंड का प्रवेश द्वार है, जो अपनी खूबसूरत हिमालयी वादियों, आध्यात्मिक स्थलों, वन्यजीव अभयारण्यों और एडवेंचर पर्यटन के लिए प्रसिद्ध है। यहां इंडिया ट्रैवल मार्ट का आयोजन ट्रैवल उद्योग को देश के एक महत्वपूर्ण पर्यटन क्षेत्र से सीधे जुड़ने का अवसर देता है और उद्योग से जुड़े लोगों के लिए नए व्यापारिक अवसर पैदा करता है।”

उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दो दशकों से इंडिया ट्रैवल मार्ट ट्रैवल उद्योग, उपभोक्ताओं और व्यापारिक साझेदारों को जोड़ने का सफल मंच रहा है, जो विभिन्न पर्यटन स्थलों के प्रचार और पर्यटन व्यापार नेटवर्क को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

इंडिया ट्रैवल मार्ट यात्रियों और ट्रैवल पेशेवरों के लिए एक वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म है, जहां घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थलों, हॉलिडे पैकेज, हनीमून टूर, एडवेंचर टूरिज्म और लग्जरी ट्रैवल से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जाती है।

पर्यटन बोर्ड, हॉस्पिटैलिटी ब्रांड्स और ट्रैवल कंपनियों की मजबूत भागीदारी के साथ आईटीएम देहरादून 2026 में बड़ी संख्या में ट्रैवल एजेंट, उद्योग विशेषज्ञ और पर्यटकों के आने की उम्मीद है, जिससे यह पर्यटन उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण नेटवर्किंग और व्यावसायिक कार्यक्रम बन गया है।

यह प्रदर्शनी अगले दो दिनों तक आगंतुकों के लिए खुली रहेगी — 14 मार्च को सुबह 11:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक और 15 मार्च को सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक एलपी विलास, देहरादून में। प्रदर्शनी में प्रवेश निःशुल्क है, जहां आगंतुक विभिन्न पर्यटन स्थलों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, पर्यटन बोर्ड और विशेषज्ञों से बातचीत कर सकते हैं तथा विशेष ट्रैवल ऑफर्स का लाभ उठा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *