यूजेवीएनएल मुख्यालय में हुआ कार्यक्रम आयोजित, वन मंत्री सुबोध उनियाल बोले – 2047 तक आत्मनिर्भर भारत के लिए तकनीक और नवाचार अपनाना होगा मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। 21 फरवरी 2026 को UJVN Limited के मुख्यालय उज्ज्वल भवन परिसर में आयोजित भव्य समारोह में Institute for Social Reforms and Higher Education Charitable Trust (ISRHE) द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों को “भारत श्री राष्ट्रीय रत्न पुरस्कार – 2026” से सम्मानित किया गया।
ISRHE एक राष्ट्रीय स्तर की सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्था है, जो शिक्षा, सामाजिक सुधार, महिला एवं बाल सशक्तिकरण, अनुसंधान, स्वास्थ्य तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर कार्यरत है।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के वन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री Subodh Uniyal, कैंट विधानसभा की विधायक Savita Kapoor, यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक Dr. Sandeep Singhal तथा The Institution of Engineers (India) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष Narendra Singh Chauhan द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
मुख्य अतिथि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि वर्तमान समय सूचना प्रौद्योगिकी और तकनीकी दक्षता का युग है। वर्ष 2047 तक देश को आत्मनिर्भर और समृद्ध अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को तकनीकी उन्नयन, आर्थिक विकास, सामाजिक सशक्तिकरण और स्थिरता के माध्यम से ही प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने सम्मानित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करते हैं।
अतिविशिष्ट अतिथि सविता कपूर ने कहा कि समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करना आवश्यक है, इससे युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है और सकारात्मक सोच का विस्तार होता है।
यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप सिंघल ने कहा कि निगम उत्तराखंड को ऊर्जा प्रदेश बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है और बेहतर कार्ययोजना, नवीन तकनीकों व कुशल प्रबंधन के बल पर वर्ष 2030 तक ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त किया जाएगा।
कार्यक्रम में देशभर से आए शिक्षा, सामाजिक सेवा, उद्योग, स्वास्थ्य, अनुसंधान और कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. एन. के. यादव, इंजीनियर एच. के. उप्रेती, डॉ. प्रशांत अग्रवाल, संस्था अध्यक्ष डॉ. अतुल शर्मा और सचिव डॉ. रेशु गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।