जाम से राहत, रिक्शा चालकों की बढ़ेगी आय; वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगजनों को मिलेगी आधुनिक सुविधा
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून, 20 फरवरी 2026। पर्यटन नगरी मसूरी में यातायात प्रबंधन और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मसूरी में 40 अतिरिक्त गोल्फकार्ट संचालन के लिए जिला प्रशासन और आरईसी फाउंडेशन लिमिटेड के मध्य इसी माह समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर होंगे।
जिलाधिकारी सविन बंसल के आग्रह पर आरईसी के प्रबंध निदेशक एवं अपर सचिव, भारत सरकार देहरादून आकर औपचारिक एमओयू करेंगे। यह कार्यक्रम मंत्री/स्थानीय विधायक मसूरी तथा रिक्शा यूनियन पदाधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य माल रोड और कैमलबैक रोड पर बढ़ते यातायात दबाव को कम करना, प्रदूषण-मुक्त परिवहन को बढ़ावा देना तथा पारंपरिक रिक्शा चालकों को बेहतर आय के अवसर उपलब्ध कराना है। 40 नए गोल्फकार्ट जुड़ने के बाद मसूरी में इनकी संख्या 54 हो जाएगी।
गौरतलब है कि दिसंबर 2024 में मसूरी में गोल्फकार्ट सेवा की शुरुआत की गई थी। प्रथम चरण में 4 गोल्फकार्ट संचालित हुए, जो वर्तमान में 14 हैं। स्थानीय रिक्शा चालकों को संबंधित कंपनी के विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण भी दिया गया है।
जिला प्रशासन ने गोल्फकार्ट संचालन के लिए मार्ग निर्धारण, पार्किंग, चार्जिंग व्यवस्था और सुरक्षा मानकों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। आरईसी द्वारा सीएसआर फंड से 3.36 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रशासन का मानना है कि यह पहल मसूरी को स्वच्छ, सुगम और आधुनिक पर्यटन नगर के रूप में स्थापित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगी।