मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। जनपद देहरादून की पहली शुक्रवार परेड में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सख्त तेवरों के साथ निरीक्षण किया। कर्मचारियों के वेलफेयर को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुशासन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। परेड के दौरान जहां उन्होंने स्वयं अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ दौड़ लगाकर उन्हें फिटनेस के लिए प्रेरित किया, वहीं पुलिस लाइन, क्वार्टर गार्ड, परिवहन शाखा, रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर और बीडीएस शाखा के निरीक्षण में पाई गई कमियों पर कड़ी नाराजगी भी जताई।
सफाई व्यवस्था में लापरवाही, अभिलेखों के अद्यावधिक न होने और मैस प्रबंधन में कमी को लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। साथ ही बम निरोधक दस्ते की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए संदिग्ध वस्तुओं की सूचना पर त्वरित और सुरक्षित कार्रवाई के लिए नियमित प्रशिक्षण पर जोर दिया गया। निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए एसएसपी ने गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।