मसूरी की माल रोड पर अब दौड़ेंगी 54 गोल्फ कार्ट

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून, 15 फरवरी 2026। पहाड़ों की रानी मसूरी में पारंपरिक रिक्शा व्यवस्था अब इतिहास बनने जा रही है। जिला प्रशासन की नौ माह लंबी कवायद रंग लाई है और जल्द ही 40 नए गोल्फ कार्ट बेड़े में शामिल होने जा रहे हैं। इसके साथ ही मसूरी में संचालित गोल्फ कार्ट की संख्या 14 से बढ़कर 54 हो जाएगी।

जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में तैयार इस योजना को मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में अमलीजामा पहनाया गया। जिला प्रशासन ने बिना राजकोषीय व्यय के सीएसआर फंड से 3.36 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करवाई है। यह राशि REC Foundation Ltd. द्वारा उपलब्ध कराई गई है।

माल रोड और कैमल्स बैक रोड पर संचालन

नए गोल्फ कार्ट विशेष रूप से माल रोड और कैमल्स बैक रोड पर संचालित किए जाएंगे। बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए माल रोड पर वाहनों के आवागमन पर नियंत्रण लागू किया गया है और गोल्फ कार्ट को प्राथमिक परिवहन माध्यम के रूप में विकसित किया जा रहा है।

रोजगार सुरक्षित, आधुनिकता को बढ़ावा

जिला प्रशासन ने स्थानीय रिक्शा चालकों के हितों की रक्षा करते हुए “2 रिक्शा चालक पर 1 गोल्फ कार्ट” मॉडल लागू करने का निर्णय लिया है। सभी चालकों को संबंधित कंपनी के विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। इससे परंपरागत रोजगार प्रभावित होने के बजाय आय के नए अवसर सृजित होंगे।

दिसंबर 2024 से शुरू हुआ सफर

दिसंबर 2024 में प्रथम चरण में 4 गोल्फ कार्ट से सेवा की शुरुआत हुई थी, जो वर्तमान में बढ़कर 14 हो चुकी है। अब 40 नए कार्ट जुड़ने से मसूरी देश का ऐसा पहला प्रमुख पर्यटन स्थल बनने जा रहा है, जहां पर्यावरण अनुकूल गोल्फ कार्ट आधारित परिवहन व्यवस्था विकसित की जा रही है।

जिला प्रशासन की यह पहल न केवल जाम से राहत दिलाएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षित यातायात और स्थानीय रोजगार सृजन का भी सशक्त उदाहरण बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *