क्वानू-मीनस मार्ग बस दुर्घटना : 03 मृतकों को 2-2 लाख राहत की संस्तुति, तकनीकी जांच में बस में कमी नहीं

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। क्वानू-मीनस मार्ग पर सुदोई खड्ड के निकट 03 फरवरी को हुई सड़क दुर्घटना के संबंध में हिमाचल परिवहन निगम की बस की तकनीकी जांच एवं मार्ग निरीक्षण आख्या संयुक्त मजिस्ट्रेट चकराता के माध्यम से जिलाधिकारी देहरादून को भेज दी गई है।

परिवहन विभाग की ओर से सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अनिल सिंह नेगी तथा सम्भागीय निरीक्षक (तकनीकी) प्रवीन कुमार द्वारा दुर्घटना के दिन ही मौके पर पहुंचकर वाहन एवं मार्ग का निरीक्षण किया गया। साथ ही घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए वाहन व्यवस्था में भी सहयोग किया गया।

तकनीकी जांच में वाहन में किसी प्रकार की कमी नहीं पायी गई है।

सार्वजनिक परिवहन श्रेणी के वाहन की सड़क दुर्घटना होने पर उत्तराखंड सड़क परिवहन दुर्घटना राहत नियमावली के तहत मृतकों एवं घायलों को दुर्घटना राहत निधि प्रदान करने का प्रावधान है। उक्त दुर्घटना में 03 मृतकों के लिए 2-2 लाख रुपये प्रति मृतक की दर से दुर्घटना राहत निधि प्रदान करने की संस्तुति की रिपोर्ट संयुक्त मजिस्ट्रेट चकराता के माध्यम से जिलाधिकारी को भेजी गई है।

इसके अतिरिक्त मार्ग पर क्रैश बैरियर, संकेतक एवं स्पीड लिमिट के बोर्ड लगाए जाने की संस्तुति लोक निर्माण विभाग खण्ड चकराता को की गई है।

दुर्घटना के उपरांत घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाने वाले नेक राहगीरों की सूची भी प्राप्त की गई है। परिवहन विभाग द्वारा उन्हें दशऊ में आयोजित होने वाले बहुउद्देशीय शिविर के दौरान सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उत्तराखंड सरकार की ओर से परिवहन विभाग के माध्यम से राहवीर योजना के अंतर्गत पुरस्कृत किए जाने हेतु जिला सड़क सुरक्षा समिति को भी अनुशंसा की जाएगी।

नेक राहगीर के रूप में मझगांव क्वानू से प्यार सिंह, संदीप चौहान, रजत चौहान, नितिन चौहान, पजू वर्मा, युद्धवीर सिंह चौहान, मैलोत क्वानू से गजेन्द्र तोमर, राहुल तोमर, नरेश तोमर, विक्रम सिंह, सुनू तथा ग्राम धारिया से जगतराम आदि के नाम प्राप्त हुए हैं।

भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मीनस-कोटी-त्यूनी मार्ग पर लगातार प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *