देहरादून में वरिष्ठ पत्रकार पर हमला, न्यूज़ चलाने को लेकर दी धमकी

डालनवाला क्षेत्र में स्कूटी सवार तीन अज्ञात युवकों ने रोकी बाइक, मारपीट कर फरार

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून। कोतवाली डालनवाला क्षेत्र में वरिष्ठ पत्रकार पर हमले का मामला सामने आया है। जय भारत टीवी से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट के साथ अज्ञात स्कूटी सवार युवकों द्वारा मारपीट और धमकी दिए जाने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेम भट्ट पुत्र स्व. श्री जगदीश चन्द्र भट्ट, वरिष्ठ पत्रकार जय भारत टीवी, निवासी शान्ति विहार, हरिद्वार बाईपास रोड, देहरादून, ने कोतवाली डालनवाला में तहरीर दी। तहरीर में बताया गया कि दिनांक 06 फरवरी 2026 को वह अपने ऑफिस जय भारत टीवी, कॉन्वेंट रोड से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एमकेपी चौक से आगे रेसकोर्स रोड पर स्कूटी सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी मोटरसाइकिल को ओवरटेक कर रोक लिया।

आरोप है कि अज्ञात युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और न्यूज़ चलाने को लेकर जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए।

घटना के संबंध में कोतवाली डालनवाला पर मु0अ0सं0–26/2026, धारा 126(2), 115(2), 352, 351(3) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले की विवेचना उप निरीक्षक नरेन्द्र कोटियाल, चौकी प्रभारी आराघर द्वारा की जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपियों की तलाश हेतु तत्काल पुलिस टीम गठित की गई है। पुलिस द्वारा घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *