अनिल नेगी स्मृति शूटिंग प्रतियोगिता के विजेता बने जितेंद्र नेगी और रश्मि खत्री

मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून (31 जनवरी)। उत्तरांचल प्रेस क्लब ने आज वर्ष-2026 के खेल सत्र का शुभारम्भ अनिल नेगी स्मृति शूटिंग प्रतियोगिता के आयोजन के साथ किया। प्रतियोगिता के महिला वर्ग में प्रथम स्थान रश्मि खत्री, द्वितीय स्थान नेहा बिष्ट एवं तृतीय स्थान सुलोचना पयाल ने प्राप्त किया। वहीं पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान जितेन्द्र नेगी, द्वितीय स्थान मुकेश राजपूत तथा तृतीय स्थान पवन नेगी ने हासिल किया।

 प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि रेखा आर्या, कैबिनेट मंत्री (खेल), उत्तराखंड सरकार एवं अति विशिष्ट अतिथि डॉ. रचित गर्ग, वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।

 इस अवसर पर मुख्य अतिथि खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य को संतुलित रखने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और एक स्वस्थ लोकतंत्र के लिए पत्रकारों का स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पत्रकार अपने व्यस्त जीवन में भी प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल या शारीरिक गतिविधि के लिए अवश्य निकालें।

खेल मंत्री ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच देती हैं, बल्कि आपसी सौहार्द, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा को भी बढ़ावा देती हैं। उन्होंने उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा लगातार खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित किए जाने की सराहना की तथा भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इसके उपरांत कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने प्रतियोगिता के सभी विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।

 प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब सदैव पत्रकारों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकार अक्सर तनावपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करते हैं, ऐसे में खेल गतिविधियां उन्हें स्वस्थ रखने के साथ-साथ टीम भावना और सकारात्मक सोच भी विकसित करती हैं।

 उन्होंने कहा कि अनिल नेगी स्मृति शूटिंग प्रतियोगिता जैसे आयोजन पत्रकारों के बीच खेल संस्कृति को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं और क्लब वर्षभर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहेगा। अध्यक्ष अजय राणा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया।

 कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब महामंत्री योगेश सेमवाल ने किया।

 इस अवसर पर दून इंस्टीट्यूट ऑफ शूटिंग की चेयरपर्सन मधु मारवाह, इंस्टीट्यूट के निदेशक मयंक मारवाह, कोच रोहित प्रजापति, कोच भावना के साथ ही प्रेस क्लब वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष व खेल संयोजक सोबन सिंह गुसाईं, कोषाध्यक्ष मनीेष डंगवाल, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा, मीना नेगी, संप्रेक्षक विजय जोशी, कार्यकारिणी सदस्य मनमोहन लखेड़ा, वीरेन्द्र डंगवाल ‘पार्थ’, मनबर सिंह रावत, हिमांशु जोशी, हरीश थपलियाल सहित क्लब के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *