फर्जी रिजल्ट के सहारे एलबीएस अकादमी पहुंचा युवक, खुद निकला ठगी का शिकार

आईएएस ट्रेनिंग के नाम पर हरियाणा में ठगी, 27 हजार लेकर थमाया फर्जी यूपीएससी रिजल्ट

🔹 फर्जी यूपीएससी रिजल्ट लेकर एलबीएस अकादमी पहुंचा युवक

🔹 जांच में सामने आई हरियाणा के ठग गिरोह की भूमिका

🔹 27,564 रुपये लेकर थमाया गया नकली चयन पत्र

🔹 युवक के सभी दस्तावेज निकले फर्जी

🔹 बीएनएस की धारा 318(4) में जीरो एफआईआर दर्ज

🔹 मामला हरियाणा पुलिस को किया जाएगा ट्रांसफर

देहरादून। मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनए) में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आईएएस प्रशिक्षण के लिए अकादमी पहुंच गया। गेट पर युवक ने खुद को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में चयनित बताते हुए रिजल्ट भी दिखाया, लेकिन जांच में वह पूरी तरह फर्जी निकला।

अकादमी प्रशासन की सूचना पर खुफिया विभाग और पुलिस ने युवक से पूछताछ की। युवक की पहचान पुष्पेश सिंह, निवासी बिहार के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता के साथ मसूरी पहुंचा था। जांच में सामने आया कि रिजल्ट के साथ-साथ उसके अन्य शैक्षणिक दस्तावेज भी नकली थे।

हरियाणा में ठगी का शिकार हुआ युवक

पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि वह खुद ठगी का शिकार हुआ है। उसने बताया कि हरियाणा में कुछ लोगों ने उसे यूपीएससी का फर्जी चयन पत्र और रिजल्ट तैयार कर दिया और इसके बदले उससे 27,564 रुपये वसूले। युवक ने यह भी बताया कि वह पहले गुड़गांव की एक कंपनी में नौकरी कर रहा था और आईएएस बनने के सपने के चलते ठगों के जाल में फंस गया।

जीरो एफआईआर दर्ज, हरियाणा ट्रांसफर होगा केस

मसूरी कोतवाली निरीक्षक देवेंद्र चौहान ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। चूंकि पूरा ठगी का नेटवर्क हरियाणा से जुड़ा हुआ है, इसलिए केस को आगे की कार्रवाई के लिए हरियाणा पुलिस को ट्रांसफर किया जाएगा।

घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा के नाम पर सक्रिय ठग गिरोह किस तरह युवाओं के सपनों का फायदा उठा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *