सैनिकों व अग्निवीरों से संवाद कर बढ़ाया उत्साह, प्रशिक्षण व्यवस्थाओं व वीर नारियों के कल्याण कार्यों का लिया जायजा
रानीखेत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र, रानीखेत पहुंचकर अमर बलिदानियों को पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय सेना के जांबाज सैनिकों एवं अग्निवीरों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और राष्ट्रसेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने रेजीमेंट केंद्र में सैनिकों के प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं, आधुनिक हथियारों की उपलब्धता तथा वीर नारियों के कल्याण हेतु संचालित गतिविधियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र न केवल सैन्य परंपराओं का गौरवशाली प्रतीक है, बल्कि देश की सुरक्षा को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में भारतीय सेना आज पहले से कहीं अधिक सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनी है। उन्होंने कहा कि हमारी सेना दुश्मनों की गोलियों का जवाब गोलों से देकर देश की सीमाओं की मजबूती से रक्षा कर रही है और हर चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार पूर्व सैनिकों, उनके परिवारों तथा अमर बलिदानियों के आश्रितों के सम्मान और कल्याण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पेंशन और आर्थिक सहायता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि वीर परिवारों को हर स्तर पर सम्मान, सुरक्षा और संबल मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वीर भूमि है और यहां का हर परिवार किसी न किसी रूप में सेना से जुड़ा रहा है। ऐसे में वीरों और उनके परिजनों का सम्मान करना राज्य सरकार का सर्वोच्च कर्तव्य है।