सीडीओ अभिनव शाह बोले – जल योजनाओं के सुचारु संचालन में प्रथम पंक्ति के कर्मियों की अहम भूमिका
मोनाल एक्सप्रेस, देहरादून, 11 मार्च। जल महोत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत विश्व प्लम्बर दिवस के अवसर पर भवन सभागार, सर्वे चौक देहरादून में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के तत्वावधान में जिला स्तरीय “प्लम्बर सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी एवं उपाध्यक्ष जिला जल एवं स्वच्छता मिशन अभिनव शाह ने किया।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड पेयजल निगम और उत्तराखण्ड जल संस्थान में पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 33 प्लम्बर्स, पम्प ऑपरेटर और फीटर्स को टूल किट भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने अपने संबोधन में कहा कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अंतर्गत कार्यरत प्रथम पंक्ति के कर्मियों—प्लम्बर्स, पम्प ऑपरेटर और फीटर्स—की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इनके कुशल संचालन और रख-रखाव के कारण ही लोगों को घरों में नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे जल जनित बीमारियों में कमी आई है और शिशु मृत्यु दर में भी गिरावट देखने को मिली है।
उन्होंने बताया कि प्लम्बर सम्मान समारोह केवल जनपद स्तर पर ही नहीं, बल्कि जनपद के सभी छह विकासखंडों में भी आयोजित किया गया, ताकि जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया जा सके।
विश्व प्लम्बर दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को अपने परिवार, मित्रों, पड़ोसियों और समाज के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण, संवर्धन और पेयजल स्रोतों की सुरक्षा का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, कंचन रावत, अधिशासी अभियंता सचिन, उत्तराखण्ड पेयजल निगम मिशन देहरादून, जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के कार्मिकों सहित उत्तराखण्ड पेयजल निगम एवं उत्तराखण्ड जल संस्थान की विभिन्न शाखाओं में कार्यरत प्लम्बर्स, पम्प ऑपरेटर और फीटर्स उपस्थित रहे।